रांची। राजधानी रांची में बेखौफ अपराधियों और चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोर लगातार पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए आए दिन किसी न किसी इलाके में बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ चोरों ने शातिरपने की सारी हदें पार करते हुए न केवल एक सूने घर को निशाना बनाया, बल्कि चोरी के दौरान कोई खलल न पड़े, इसलिए पूरे मोहल्ले के पड़ोसियों को उनके ही घरों में 'नजरबंद' कर दिया। चोरों ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए पीड़ित के घर से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और सवा लाख से अधिक की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
यह सनसनीखेज मामला पुंदाग ओपी इलाके के निवासी सोनू सोनी के घर का है। चोरों के काम करने का तरीका इतना शातिर था कि जिसने भी सुना, वह दंग रह गया। आधी रात को धावा बोलने वाले चोरों ने सबसे पहले सोनू सोनी के घर के अगल-बगल स्थित पड़ोसियों के मकानों की टोह ली। इसके बाद चोरों ने चालाकी दिखाते हुए आसपास के सभी घरों के मुख्य दरवाजों की कुंडी बाहर से लगा दी और कुछ दरवाजों को मोटे रस्सों से बाहर से बांध दिया, ताकि आहट होने पर भी कोई पड़ोसी अपने घर से बाहर न निकल सके और न ही शोर मचा सके। मकान मालिक सोनू सोनी ने बताया कि वे बीते दिनों अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला बंद करके किसी निजी काम से पटना गए हुए थे। रविवार की सुबह जब पूरा परिवार वापस रांची लौटा, तो घर के मुख्य द्वार का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का मुख्य ताला लोहे के औजार से कटा हुआ था। जब वे सहमे हुए कदमों से घर के भीतर दाखिल हुए, तो अंदर कमरों की अलमारियां और लॉकर टूटे पड़े थे तथा सारा सामान फर्श पर बिखरा हुआ था। चोरों ने लॉकर खंगालकर उसमें रखे 1 लाख 55 हजार रुपये नगद और लगभग 12 लाख रुपये की कीमत के पुश्तैनी व कीमती आभूषण गायब कर दिए थे। सोनू सोनी ने जब पड़ोसियों को आवाज दी, तब जाकर इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पीड़ित की पड़ोसी बबीता झा ने बताया कि सुबह जब वे लोग सोकर उठे, तो लाख कोशिशों के बाद भी उनका दरवाजा अंदर से नहीं खुला। चोरों ने उनके दरवाजे को बाहर से कसकर बंद कर दिया था। सुबह काफी मशक्कत और शोर-शराबा करने के बाद वे लोग किसी तरह घर से बाहर आ सके। घटना की लिखित शिकायत मिलते ही पुंदाग ओपी की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने जब मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो उसमें पुलिस को एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। फुटेज में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद एक ही स्कूटी पर सवार होकर तीन संदिग्ध चोर तेजी से फरार होते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।पुंदाग ओपी प्रभारी संजीव ने बताया कि पीड़ित के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के हुलिए और स्कूटी के नंबर की पहचान की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों के इस शातिर गिरोह को जल्द ही दबोच लिया जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे पुंदाग इलाके के निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल है।

