पकड़े गए स्नैचर से गोंदा थाना पुलिस की पूछताछ, रांची के सक्रिय बाइकर्स गैंग का होगा भंडाफोड़

Blog
 Image

रांची। राजधानी रांची में बेखौफ बाइकर्स गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब अपराधियों ने शहर के सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले इलाके में पुलिस को खुली चुनौती दी है। गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित पुलिस लाइन के समीप बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने डॉक्टर के पास जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। हालांकि,अपराधियों की यह चाल उन पर ही भारी पड़ गई। महिला के शोर मचाने पर जुटे स्थानीय लोगों ने गजब का साहस दिखाते हुए अपराधियों को चारों तरफ से खदेड़ दिया। जनता के गुस्से को देखकर अपराधी चेन को सड़क पर ही फेंककर भागने लगे, लेकिन लोगों ने पीछा करके एक स्नैचर को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला गोंदा थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन इलाके से निकलकर पास ही एक डॉक्टर से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान कांके रोड की तरफ से एक ही बाइक पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने सुनसान पाकर महिला को निशाना बनाया। बाइक के पीछे बैठे अपराधी ने तेजी से महिला के गले पर हाथ मारकर सोने की चेन खींच ली। अचानक हुए इस हमले से महिला सहम गईं, लेकिन उन्होंने तुरंत हिम्मत जुटाई और शोर मचाना शुरू कर दिया। वीआईपी सड़क पर महिला की चीख सुनकर आसपास के राहगीर, दुकानदार और स्थानीय युवा तुरंत हरकत में आ गए और अपराधियों की बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में लोगों को अपनी तरफ आते देख बाइक सवार अपराधियों के होश उड़ गए। खुद को घिरता देख और जनता का भारी आक्रोश भांपकर अपराधियों ने लूटी हुई सोने की चेन को सड़क पर ही फेंक दिया और भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन स्थानीय लोगों की मुस्तैदी के कारण बाइक पर पीछे बैठा एक अपराधी भाग नहीं सका और दबोच लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही गोंदा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पकड़े गए अपराधी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सड़क पर फेंकी गई महिला की सोने की चेन को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है। रांची के सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "पुलिस लाइन के पास एक महिला से स्नैचिंग का प्रयास किया गया था। स्थानीय लोगों की तत्परता से दो अपराधियों में से एक को मौके पर ही पकड़ लिया गया है और पीड़िता की चेन भी सकुशल बरामद कर ली गई है। पकड़े गए अपराधी से गोंदा थाने में सघन पूछताछ की जा रही है, ताकि शहर में सक्रिय इस पूरे बाइकर्स गैंग का पता लगाकर फरार साथी सहित अन्य सदस्यों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।