दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने घर में घुसकर धारदार हथियार से परिवार के तीन सदस्यों पर हमला कर दिया, जिसमें मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची का इलाज निजी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार यह हमला एसटीएफ जवान ललितेश यादव के परिवार पर हुआ। घटना के समय ललितेश यादव घर पर मौजूद नहीं थे और रेलवे स्टेशन गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी महिला घर में घुसी और उनकी पत्नी और बच्चों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनकी पत्नी रीना यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौत हो गई, जबकि बेटी नैना यादव गंभीर रूप से घायल हो गई। एक अन्य बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज, ललितेश यादव की कथित प्रेमिका है। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और बताया जा रहा है कि दोनों ने शादी भी कर ली थी। सूत्रों के अनुसार ललितेश ने ही आरोपी महिला को दुर्ग में रहने के लिए मकान दिलवाया था। शुक्रवार को उसे समझाकर वापस भेजा गया था, लेकिन वह अगले ही दिन सुबह फिर घर पहुंच गई और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या तथा हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
Trending
उत्तराखंड जनगणना अपडेट: विकास योजनाओं के लिए डेटा संकलन अनिवार्य, प्रशासन ने जनता से की सहयोग की अपील
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम: बेटियों और रामनगर के लाल का दबदबा, मुख्यमंत्री ने फोन पर दिया सफलता का आशीर्वाद
यमुनोत्री हादसे के बाद सुरक्षा पर सवाल, चारधाम यात्रा 2026 में तेजी से बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम: बेटियों और रामनगर के लाल का दबदबा, मुख्यमंत्री ने फोन पर दिया सफलता का आशीर्वाद
महंगी बिजली और कम आपूर्ति: उत्तराखंड में गहराया ऊर्जा संकट, पीक आवर्स में बिजली जुटाना यूपीसीएल के लिए चुनौती
‘चूहों ने खाए पैसे’ केस में सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट के फैसले पर लगाई रोक
छत्तीसगढ़ में प्रेम विवाद बना अपराध: महिला ने परिवार पर किया हमला
पीएम मोदी पर जताया भरोसा, स्वाति मालीवाल ने छोड़ी AAP