रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में आज शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुट्टू के आटे से बने भोजन खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। इस दौरान एक के बाद एक करीब 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा है कि भोजन करने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी गंभीर शिकायतें शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। मामला रम्पुरा और सुभाष काॅलोनी से जु़ड़ा है। पीड़ितों में शामिल सौरव राठौर ने बताया कि खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही उन्हें, उनकी मां और बहन को तेज उल्टी और पेट दर्द की समस्या होने लगी। जैसे-जैसे हालत बिगड़ती गई, परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत अस्पताल का रुख किया। डॉक्टरों के अनुसार कुल 11 मरीजों में से 5 की हालत सामान्य होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि 6 मरीजों की स्थिति गंभीर होने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एमके तिवारी ने बताया कि सभी मरीजों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। शुरुआती जांच में कुट्टू के आटे के दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। इधर मामले में दुकानों पर छापेमारी भी की गयी है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कितनी निगरानी रखी जा रही है।
Trending
आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा 2026: कैंची धाम और जागेश्वर के भी होंगे दर्शन, केएमवीएन की बड़ी तैयारी
रुद्रपुर में फूड पॉइजनिंग के बाद हेल्थ अलर्ट
देहरादून में सर्वे से पहले अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, डेटा संग्रहण पर जोर
डीजीसीए निर्देश: एयरलाइंस खाड़ी हवाई क्षेत्र से उड़ानें डायवर्ट करें
नैनीताल पुलिस की विशेष गश्त: रात 11 से 1 बजे तक चेकिंग अभियान, संदिग्धों पर रखी जाएगी पैनी नजर
नवरात्रि का दूसरा दिन: राष्ट्रपति मुर्मू ने मथुरा में की पूजा-अर्चना
कैलोरी और कपड़ों के आधार पर तय होगी न्यूनतम मजदूरी, उत्तराखंड मजदूरी संहिता में वैज्ञानिक मानकों का समावेश
मौसम विभाग की चेतावनी: 25 मार्च तक खराब रहेगा उत्तराखंड का मौसम, अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह