Mar 31, 2026

देहरादून नाइट क्लब हिंसा के बाद सीएम धामी ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रदेशव्यापी चेकिंग अभियान के दिए निर्देश

post-img

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर गाज गिराई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर क्षेत्र-3 मसूरी के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए सीएम धामी ने कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और साफ कहा कि राज्य में किसी भी कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और असामाजिक व हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गौरतलब है कि 30 मार्च की सुबह देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहड़ी गांव में स्थित एक नाइट क्लब में बिल को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गया। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो सवार युवकों ने ‘जेन जी क्लब’ संचालक और स्टाफ की फॉर्च्यूनर कार पर गोलीबारी की। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गोलीबारी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि चार आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में शामिल ज्यादातर आरोपी छात्र हैं। साथ ही यह भी सामने आया कि संबंधित क्लब देर रात 2:30 बजे तक खुला हुआ था, जो नियमों का उल्लंघन है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने मौके पर पहुंचे एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के सामने ही पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए और कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव सख्त कदम उठाए जाएंगे।