देहरादून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनके देहरादून और मसूरी कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। वीवीआईपी दौरे के मद्देनजर शहर की सीमाओं से लेकर कार्यक्रम स्थलों और पूरे रूट पर सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ संवेदनशील स्थानों पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है।
उपराष्ट्रपति 19 अगस्त को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) में 2025-27 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) परिवीक्षाधीन अधिकारियों से संवाद करेंगे। इसके बाद 20 अगस्त को वह मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) में 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोनों अकादमियों में उपराष्ट्रपति सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे। वीवीआईपी दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कई स्तर तैयार किए हैं। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस लाइन में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जवानों को ब्रीफ किया। सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से तीन घंटे पहले पहुंचने और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वीवीआईपी रूट पर आने वाली हाईराइज इमारतों में रहने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थानों की भी जांच कराई जा रही है। उपराष्ट्रपति से मिलने वाले लोगों की सुरक्षा जांच और निगरानी भी की जाएगी। सुरक्षा कारणों से ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन इस्तेमाल और बिना अनुमति ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है। वीवीआईपी मूवमेंट के कारण देहरादून में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को दोपहर एक बजे से 3:30 बजे तक और 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तथा दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। ऋषिकेश से देहरादून आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर-थानों-छह नंबर पुलिया-सहस्रधारा क्रॉसिंग होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा। हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर, डोईवाला और दूधली मार्ग से कारगी चौक की ओर भेजा जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। एसएसपी के निर्देश पर डोईवाला और कैंट क्षेत्र में पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया। जिले की सीमाओं और प्रमुख आंतरिक मार्गों पर बाहरी लोगों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वीवीआईपी सुरक्षा के दौरान एंबुलेंस, पुलिस और दमकल जैसी आपात सेवाओं को डायवर्जन से मुक्त रखा जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से वीवीआईपी मार्ग पर आने से बचें। दौरे के दौरान देहरादून और मसूरी में सुरक्षा व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर रखेंगे।

